ललितपुर
मेजर वेदांश शर्मा का दिल्ली में सम्मान
आर्मी कमांडर ने ऑन द स्पॉट साइटेशन और बैज से किया गौरवान्वित
उत्कृष्ट कार्य, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का मिला बड़ा सम्मान, क्षेत्र में खुशी की लहर
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। जिले के प्रतिष्ठित परिवार से संबंध रखने वाले डा.राजेश शर्मा के सुपुत्र मेजर वेदांश शर्मा ने अपने उत्कृष्ट कार्य, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा से न केवल परिवार बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है। दिल्ली में आयोजित एक विशेष सैन्य अवसर पर उन्हें आर्मी कमांडर दिलीप जैन द्वारा ऑन द स्पॉट साइटेशन एवं बैज प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान मेजर वेदांश शर्मा को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन, अनुकरणीय सेवा और कर्तव्य के प्रति अटूट निष्ठा के लिए दिया गया। सेना में इस प्रकार का तत्काल सम्मान बेहद गौरवपूर्ण माना जाता है, जो किसी अधिकारी की असाधारण कार्यशैली और नेतृत्व क्षमता को दर्शाता है। इस उपलब्धि से ललितपुर सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष और गर्व का माहौल है। परिजनों, शुभचिंतकों और नागरिकों ने मेजर वेदांश शर्मा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मेजर वेदांश शर्मा ने यह सिद्ध कर दिया है कि समर्पण और अनुशासन से किसी भी ऊंचाई को प्राप्त किया जा सकता है। उनकी इस उपलब्धि ने युवाओं को देश सेवा के लिए प्रेरित किया है। कामना की जा रही है कि मेजर वेदांश शर्मा इसी प्रकार देश सेवा में नए आयाम स्थापित करते हुए राष्ट्र का नाम निरंतर ऊंचा करते रहें।

