ललितपुर

भूसा केन्द्र में भीषण आग, लाखों की संपत्ति राख, दमकल की देरी से बढ़ा नुकसान

लाखों के नुकसान की आशंका, 2 घंटे बाद पहुंची फायर ब्रिगेड, ग्रामीणों में आक्रोश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। जिले के खितवांस चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चढऱऊ में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब मूलचंद निरंजन के भूसा केन्द्र में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और भूसे के बड़े-बड़े ढेर जलकर पूरी तरह राख हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि उसे काबू करना ग्रामीणों के बस में नहीं रहा। घटना में लाखों रुपये का भारी नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि आग लगने की सूचना देने के बावजूद दमकल विभाग की गाड़ी करीब 2 घंटे की देरी से मौके पर पहुंची, जिससे नुकसान और अधिक बढ़ गया। यदि समय रहते दमकल पहुंच जाती, तो काफी हद तक आग पर काबू पाया जा सकता था। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि आग लगने के कारणों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और पीडि़त को उचित मुआवजा प्रदान किया जाए। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या लापरवाही इसकी वजह हो सकती है। प्रशासनिक कार्रवाई और राहत की उम्मीद में पीडि़त परिवार अब सरकार की ओर देख रहा है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button