पीड़ित ने कोतवाली में दी तहरीर, आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और पीलर दोबारा लगवाने की मांग
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। कस्बे में जमीन विवाद एक बार फिर गरमा गया है। कैराना बाहरी क्षेत्र की भूमि पर राजस्व विभाग द्वारा कराई गई निशानदेही के बाद लगाए गए पीलरों को कुछ लोगों द्वारा उखाड़ने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित मोहसीन निवासी मोहल्ला आलकलां ने बताया कि उसकी भूमि खसरा संख्या 632, 637/1 व 641, 646 में स्थित है, जिस पर पूर्व से वाद न्यायालय में विचाराधीन रहा है।उपजिलाधिकारी न्यायालय कैराना के आदेश के अनुपालन में 20 अप्रैल 2026 को लेखपाल व कानूनगो ने मौके पर पहुंचकर भूमि की पैमाइश कर निशानदेही करते हुए पीलर लगवाए थे। पीड़ित का आरोप है कि 23 अप्रैल 2026 को कुछ लोग मौके पर पहुंचे और लगाए गए पीलरों को उखाड़ दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और दोबारा पीलर लगाने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। घटना से आक्रोशित पीड़ित ने कोतवाली कैराना में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही प्रशासन से दोबारा निशानदेही कराकर पीलर लगवाने की गुहार लगाई है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।


