ललितपुर
एक ट्रिलियन डॉलर लक्ष्य की दिशा में ललितपुर सक्रिय
डीएम ने की समीक्षा, सभी सेक्टरों में जीडीपी बढ़ाने के निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। प्रदेश सरकार के वर्ष 2029-30 तक 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य को लेकर जिले में प्रशासनिक स्तर पर गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में वन ट्रिलियन डॉलर सेल के अंतर्गत प्राथमिक, द्वितीयक एवं तृतीयक क्षेत्रों के प्रमुख सूचकांकों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रदेश की जीडीपी में जिले का सराहनीय योगदान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिले के लोग मेहनती और कार्यकुशल हैं, जो कृषि उत्पादन से लेकर घरेलू उद्योगों तक में अहम भूमिका निभा रहे हैं। अब आवश्यकता इस बात की है कि विभिन्न सेक्टरों में मौजूद संभावनाओं को चिन्हित कर योजनाबद्ध तरीके से उनका विकास किया जाए। जिलाधिकारी ने जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी को निर्देश दिए कि वह एक सप्ताह के भीतर विस्तृत विश्लेषण प्रस्तुत करें, जिसमें पूर्व के आंकड़ों के आधार पर यह बताया जाए कि किन-किन क्षेत्रों में नई संभावनाएं हैं और किन सेक्टरों को प्राथमिकता देकर जनपद की जीडीपी में तेजी लाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि जनपद को प्रदेश की 1 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था में चमकते सितारे के रूप में स्थापित करना लक्ष्य होना चाहिए। समीक्षा के दौरान डीएम ने सकल घरेलू उत्पाद को प्राथमिक, द्वितीयक और तृतीयक क्षेत्रों में विभाजित कर विभागवार योगदान का आकलन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन विभागों का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं है, वे तत्काल सुधार लाएं। साथ ही विभिन्न योजनाओं एवं परियोजनाओं में पंजीकरण बढ़ाने पर जोर देते हुए यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी हो और किसी प्रकार का शोषण न हो। उन्होंने अधिकारियों को शासन को सटीक एवं पारदर्शी रिपोर्टिंग करने के निर्देश देते हुए कहा कि सही आंकड़े ही वास्तविक प्रगति का आधार होते हैं और इसी के अनुरूप भविष्य की रणनीति तय की जाती है। बैठक में सीडीओ शेषनाथ चौहान, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, जिला खनन अधिकारी, डीआईओ सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



