ललितपुर
सेंट्रल ग्लोबल एकेडमी का परीक्षा परिणाम उत्कृष्ट, खुशी चौहान बनी टॉपर
हाईस्कूल बोर्ड में विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन, क्षेत्र में विद्यालय की सराहना

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में सेंट्रल ग्लोबल एकेडमी, असऊपुरा (तालबेहट) के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है। घोषित परीक्षा परिणाम में छात्रा खुशी चौहान ने 530 अंक (88.2 प्रतिशत) प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। खुशी चौहान ने हिंदी व अंग्रेजी में 91-91 अंक, विज्ञान में 90 तथा सामाजिक विज्ञान में 93 अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं माही अहिरवार ने 529 अंक (88.1 प्रतिशत) के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया। उन्होंने हिंदी में 91, विज्ञान में 92 तथा सामाजिक विज्ञान में 96 अंक अर्जित कर विद्यालय को गौरवान्वित किया। इसी क्रम में सौम्या नायक ने 527 अंक (87.5 प्रतिशत) प्राप्त कर तृतीय स्थान हासिल किया। उन्होंने गणित में 93 एवं विज्ञान में 90 अंक प्राप्त कर अपनी मेधा का परिचय दिया। इसके अलावा भूमिका ने 518 अंक (86.2 प्रतिशत) प्राप्त कर हिंदी में 91 एवं गणित में 96 अंक हासिल किए। अन्य सफल विद्यार्थियों में सृष्टि (501 अंक), मनु (494 अंक), सूर्यांश (486 अंक) तथा राजा प्रताप (480 अंक) शामिल हैं, जिन्होंने भी अच्छे अंक प्राप्त कर सफलता अर्जित की। विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे उनके निरंतर परिश्रम, शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं विद्यालय के अनुशासित शैक्षिक वातावरण का परिणाम बताया। क्षेत्र में सेंट्रल ग्लोबल एकेडमी के इस उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम की व्यापक सराहना की जा रही है।



