नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बेगमपुरा निवासी युवक के साथ प्लॉट पर खड़े होने के दौरान मारपीट और परिवार सहित हत्या की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर नामजद आरोपी समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित अभिषेक शर्मा उर्फ लवकेश पुत्र घनश्याम शर्मा ने कोतवाली कैराना में दी तहरीर में बताया कि 23 अप्रैल को वह राजेंद्र कॉलोनी स्थित अपने प्लॉट पर खड़ा था। आरोप है कि इसी दौरान रजनीश पुत्र घनश्याम शर्मा अपने दो अज्ञात साथियों के साथ वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट कर दी। पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने उसे कैराना छोड़ने की धमकी दी। साथ ही कहा कि यदि वह यहां से नहीं गया तो उसे और उसके पत्नी-बच्चों को फांसी लगाकर मार देंगे और मामले को आत्महत्या का रूप दे देंगे। घटना के बाद से पीड़ित परिवार दहशत में है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी रजनीश व उसके साथियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और पीड़ित की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी।

