ललितपुर

एग्रो इनपुट डीलर्स का सांकेतिक प्रदर्शन

बारह सूत्रीय मांगों पर सरकार को एक माह का अल्टीमेटम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। एग्रो इनपुट डीलर्स एसोसिएशन के आह्वान पर सोमवार को देशव्यापी सांकेतिक हड़ताल के तहत ललितपुर में भी डीलरों ने प्रदर्शन कर अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। इस दौरान व्यापारियों ने प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपते हुए चेतावनी दी कि यदि एक माह के भीतर उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आगामी खरीफ सीजन से पहले अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी। एसोसिएशन पदाधिकारियों ने बताया कि उर्वरक एवं कृषि रसायन व्यापार से जुड़े डीलर पिछले कई वर्षों से विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन शासन-प्रशासन स्तर पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने कहा कि जटिल नियमों और कानूनी प्रावधानों के कारण व्यापार करना लगातार कठिन होता जा रहा है, जिसका असर किसानों तक भी पड़ सकता है। ज्ञापन में जबरन लिंकिंग पर रोक, उर्वरकों पर डीलर मार्जिन बढ़ाकर कम से कम 8 प्रतिशत किए जाने, उर्वरकों की आपूर्ति सीधे बिक्री केन्द्र तक सुनिश्चित करने, सार्थी पोर्टल की अनिवार्यता समाप्त करने, सीलबंद पैकिंग में नमूना फेल होने पर विक्रेता को गवाह मानने, एक्सपायर्ड स्टॉक की वापसी अनिवार्य करने तथा लाइसेंस संबंधी नियमों में राहत देने जैसी मांगें प्रमुख रूप से शामिल हैं। डीलरों ने कहा कि यदि समय रहते मांगों का समाधान नहीं किया गया तो इसका सीधा असर खरीफ सीजन में उर्वरकों की उपलब्धता पर पड़ेगा, जिससे किसान भी प्रभावित होंगे। इस दौरान जिलाध्यक्ष महेश जैन, जिला उपाध्यक्ष पंकज कुमार जैन, जिला मंत्री स्वप्निल जैन, सुनील कुमार जैन, इंद्रपाल राय, शैलेंद्र कुमार जैन, सुनील राजपूत, कैलाश साहू, जगमोहन राजपूत, दिनेश मिश्रा, सुंदर यादव, नीतू (तालबेहट), बद्रीप्रसाद गुप्ता, फूलचंद राय, अमित कुमार, चक्रेश जैन, विनोद साहू, विश्वास कालरा, गेंदालाल साहू, आशीष देवरिया, फूलचंद असाटी, सजल कुमार जैन, अनुराग जैन, संजय जैन, अंकित लोधी, नरेंद्र कुमार साहू, लोकेश राठौर, प्रसन्न कुमार साहू, भूपेंद्र पटेल सहित बड़ी संख्या में डीलर मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button