बरेली
एसएसपी अनुराग आर्य ने दरोगा समेत तीन पुलिसकर्मियों को किया निलंबित

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। दुष्कर्म के एक मामले में लापरवाही बरतने पर एसएसपी अनुराग आर्य ने दो दरोगा और एक मुख्य आरक्षी को निलंबित कर दिया है। इन पर दुष्कर्म के मामले में धाराओं में हेरफेर और विवेचना में मनमानी करने का आरोप है। यह मामला आठ दिसंबर, 2023 को सीबीगंज थाने में दर्ज एक शिकायत से जुड़ा है।
महिला से दुष्कर्म के मामले में एसएसपी अनुराग आर्य ने बड़ी कार्रवाई की है। गंभीर मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में एसएसपी ने दो दरोगा समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। इन पुलिसकर्मियों पर दुष्कर्म जैसे गंभीर मामले में धाराएं लगाने में हेरफेर और विवेचना में मनमानी करने का आरोप है। निलंबित होने वालों में उपनिरीक्षक रत्नेश कुमार, उपनिरीक्षक सचिन चौधरी और मुख्य आरक्षी प्रवीण कुमार शामिल हैं।
दरोगा रत्नेश कुमार वर्तमान में थाना भुता में, दरोगा सचिन चौधरी थाना नवाबगंज में और मुख्य आरक्षी प्रवीण कुमार थाना सीबीगंज में तैनात हैं। मामला एक पीड़िता द्वारा आठ दिसंबर, 2023 को थाना सीबीगंज में दी शिकायत से जुड़ा है। उस वक्त ये सभी पुलिसकर्मी सीबीगंज थाने में ही तैनात थे। पीड़िता ने आरोप लगाया था कि प्रेमी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में उसे छोड़ दिया। इस प्रकरण में थाना सीबीगंज में एफआईआर दर्ज की गई थी।
शिकायत पर एसएसपी ने जो जांच कराई उसमें कई गंभीर तथ्य सामने आए। जांच में पता चला कि तत्कालीन एफआईआर लेखक मुख्य आरक्षी प्रवीण कुमार ने आरोपों में दुराचार से संबंधित तथ्य होने के बावजूद उचित धाराएं नहीं लगाईं। इसके अलावा, तत्कालीन विवेचक दरोगा रत्नेश कुमार और दरोगा सचिन चौधरी ने भी विवेचना के दौरान कार्रवाई नहीं की। उन्होंने मामले में आवश्यक धाराओं को शामिल नहीं किया।
इस गंभीर लापरवाही और कर्तव्यहीनता को देखते हुए एसएसपी अनुराग आर्य ने तीनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। एसएसपी ने इन तीनों उनके विरुद्ध विभागीय जांच भी शुरू करवा दी है। एसएसपी ने बताया कि महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों में किसी तरह की लापरवाही या मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



