ललितपुर

पाइपलाइन बिछाने में आ रही पत्थर की बाधा

जुगपुरा के एक दर्जन परिवार बूंद-बूंद को तरसे

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। शहर के वार्ड नंबर 8 स्थित जुगपुरा मोहल्ले में पाइपलाइन बिछाने का कार्य इन दिनों बीच में ही अटका हुआ है, जिससे स्थानीय निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। माँ अहिल्याबाई बालिका इंटर कॉलेज के पीछे पाइपलाइन का काम अधूरा छोडऩे के कारण करीब एक दर्जन परिवार पीने के पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं। स्थानीय निवासियों द्वारा जिलाधिकारी को दिए गए शिकायती पत्र के अनुसार, क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाने का काम किया जा रहा था, लेकिन एक विशेष स्थान पर आकर काम जानबूझकर रोक दिया गया। आरोप है कि सड़क के बीच में करीब 2 से 2.5 फीट ऊंचे पत्थर का टुकड़ा (टौरिया) आड़े आ रहा है। इस बाधा को हटाने की जहमत न उठाए जाने के कारण पाइपलाइन का काम अधूरा पड़ा है। निवासियों का कहना है कि उन्हें पीने के पानी की सख्त आवश्यकता है, लेकिन प्रशासन की इस सुस्ती के कारण उन्हें मूलभूत सुविधा से वंचित रहना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर मोहल्ले के निवासियों ने जिलाधिकारी से गुहार लगाई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्यालय स्तर पर अधिशासी अभियंता (नगरीय) को पत्र मार्क किया गया है, जिसमें आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं। अब देखना यह होगा कि इन निर्देशों के बाद कब तक यह पत्थर की बाधा दूर होती है और जुगपुरा निवासियों को पीने का पानी नसीब हो पाता है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button