गोड्डा

होम गार्ड बहाली प्रक्रिया का निरीक्षण संपन्न

पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित संचालन के दिए निर्देश।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
महगामा (गोड्डा): जिला अंतर्गत प्रस्तावित होम गार्ड बहाली प्रक्रिया के सफल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज दिनांक  28.04.2026 को  जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त, गोड्डा  लोकेश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक, गोड्डा  मुकेश कुमार के द्वारा संयुक्त रूप से राजेंद्र स्टेडियम, ऊर्जा नगर, महागामा का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान बहाली प्रक्रिया से संबंधित सभी व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया गया तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने मेहरमा प्रखंड के बहाली प्रक्रिया के विभिन्न चरणों—पंजीकरण, शारीरिक दक्षता परीक्षा (Physical Efficiency Test), दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद एवं दस्तावेज सत्यापन—की तैयारियों का सूक्ष्म अवलोकन किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि पूरी प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता या शिकायत की गुंजाइश न रहे।
उपायुक्त ने अभ्यर्थियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए केंद्र पर मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने पेयजल, छाया, अस्थायी शेड, शौचालय, चिकित्सा सुविधा, एम्बुलेंस, प्राथमिक उपचार केंद्र एवं विश्राम स्थल की पर्याप्त व्यवस्था करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। साथ ही गर्मी के मद्देनजर अभ्यर्थियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष सतर्कता बरतने की बात कही।
पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए निर्देश दिया कि बहाली स्थल पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग, प्रवेश एवं निकास मार्गों का स्पष्ट निर्धारण किया जाए। उन्होंने कहा कि विधि-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ अभ्यर्थियों के साथ शालीन एवं सहयोगात्मक व्यवहार किया जाए, ताकि पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
अधिकारियों ने यह भी निर्देशित किया कि बहाली प्रक्रिया के प्रत्येक चरण की वीडियोग्राफी कराई जाए तथा पारदर्शिता बनाए रखने हेतु सभी गतिविधियों का विधिवत अभिलेखीकरण किया जाए। इसके अतिरिक्त किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर त्वरित संज्ञान लेते हुए उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने अपने संबोधन में कहा कि होम गार्ड बहाली प्रक्रिया जिले के युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है, अतः सभी संबंधित पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ करें, ताकि योग्य अभ्यर्थियों का चयन सुनिश्चित हो सके और प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनी रहे।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता  प्रेमलता मुर्मू, अनुमंडल पदाधिकारी महागामा आलोक वरण केसरी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी, दंडाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button