ललितपुर
पीएनबी आरसेटी में प्रशिक्षणार्थी महिलाओं को बैंकिंग लोन
साइबर फ्रॉड व बैंकिंग लोकपाल की दी गई जानकारी

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो।
ललितपुर। पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं के लिए एक महत्वपूर्ण जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। इस दौरान एलडीओ विशाल यादव (लीड डिस्ट्रिक्ट ऑफिसर) द्वारा बैंकिंग से जुड़ी विभिन्न योजनाओं, लोन प्रक्रिया, साइबर फ्रॉड से बचाव एवं बैंकिंग लोकपाल के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। एलडीओ ने महिलाओं को बताया कि किस प्रकार वह विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत बैंक से आसानी से ऋण प्राप्त कर अपने स्वरोजगार को आगे बढ़ा सकती हैं। उन्होंने लोन आवेदन की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज एवं समय पर भुगतान के महत्व पर भी प्रकाश डाला। सत्र के दौरान साइबर फ्रॉड के बढ़ते मामलों को देखते हुए विशेष रूप से जागरूक किया गया। महिलाओं को बताया गया कि किसी भी अज्ञात कॉल, लिंक या ओटीपी साझा करने से बचें और संदिग्ध गतिविधि होने पर तुरंत बैंक या संबंधित हेल्पलाइन पर सूचना दें। इसके साथ ही बैंकिंग लोकपाल के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि यदि किसी ग्राहक को बैंक से संबंधित शिकायत का समाधान समय पर नहीं मिलता है, तो वह बैंकिंग लोकपाल के पास ऑनलाइन या ऑफलाइन माध्यम से शिकायत दर्ज कर सकता है। इस जागरूकता कार्यक्रम से प्रशिक्षणार्थी महिलाओं में बैंकिंग ज्ञान के प्रति रुचि बढ़ी और उन्होंने इसे अपने लिए अत्यंत उपयोगी बताया। इस दौरान सीएफएल सेंटर जखौरा और महरौनी आरोह फाउंडेशन से एफसी, एफसी सोहिब खान, इमरान अली जितेंद्र सिंह पीएनबी लीड बैंक से एफएलसी संदीप साध, पीएनबी आरसेटी रूपेंद्र श्रीवास्तव, नंदकिशोर, सुनील उपस्थित रहे।



