
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी गाजियाबाद : लोनी क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण तब आया जब बागराणप निवासी आदित्य रंजन ने श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में आयोजित प्रथम साउथ एशियन अंडर-17 शॉट चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने देश के नाम किया। भारतीय टीम का हिस्सा रहे आदित्य ने अपनी टीम के साथ मेहनत के दम पर प्रतियोगिता में जीत हासिल कर चैंपियनशिप पर अपना कब्जा जमाया।
आदित्य रंजन, लोक निर्माण विभाग में इंजीनियर के पद पर कार्यरत के.पी. शर्मा के पुत्र हैं। उनका परिवार मूल रूप से बागपत जनपद के बड़ा गांव का निवासी है। आदित्य की इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है।
जैसे ही कोलंबो में फाइनल मुकाबले में जीत और भारतीय टीम द्वारा स्वर्ण पदक हासिल करने की खबर घर पहुंची, परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। देखते ही देखते यह खुशखबरी पूरे गांव में फैल गई और लोगों का तांता आदित्य के घर लग गया। क्षेत्रवासियों और शुभचिंतकों ने घर पहुंचकर आदित्य को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस खुशी के मौके पर परिजनों ने मिठाइयां बांटकर सभी का स्वागत किया। आदित्य की इस सफलता ने क्षेत्र के युवाओं को प्रेरित किया है और यह साबित कर दिया है कि मेहनत और लगन से किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है। आदित्य रंजन शालीमार गार्डन क्षेत्र में, स्थित सेंट मेरी पब्लिक स्कूल के छात्र हैं


