बरेली
ऑपरेशन दहन” के तहत तस्करों पर करें सख्त कार्रवाई

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। पुलिस उपमहानिरीक्षक बरेली परिक्षेत्र अजय कुमार साहनी ने बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था एवं विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर समीक्षा बैठक की। बैठक में विशेष रूप से ऑपरेशन दहन के अंतर्गत मादक पदार्थों की तस्करी पर चल रही कार्रवाई की समीक्षा की गई। डीआईजी ने एनडीपीएस एक्ट और पिट एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रभावी कार्रवाई और नशा तस्करों के खिलाफ अभियान तेज करने के निर्देश दिए।
बैठक में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर दिया गया। लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए गए। वहीं सीसीटीएनएस प्रणाली में 60 से 90 दिन से लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र निस्तारण को कहा गया। डीआईजी ने ई-साक्ष्य ऐप के अधिकतम उपयोग पर जोर देते हुए एसआईडी क्रिएशन कर वीडियोग्राफी बयान, फोटो और फॉरेंसिक रिपोर्ट को विवेचनाओं में शामिल करने के निर्देश दिए। साथ ही ई-समन प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु न्यायालय से समन्वय बनाकर इलेक्ट्रॉनिक समन जारी करने और उनकी समयबद्ध तामील सुनिश्चित करने को कहा गया।



