कैराना
पारिवारिक रंजिश में युवक को मिली जान से मारने की धमकी, भाई-बहन समेत पांच पर केस
डर के कारण घर छोड़कर दूसरे मोहल्ले में रह रहा पीड़ित, कॉल रिकॉर्डिंग पुलिस को सौंपी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। कोतवाली क्षेत्र में पारिवारिक विवाद इस कदर बढ़ गया कि एक युवक को अपनी और बच्चों की सुरक्षा के चलते घर छोड़कर दूसरे मोहल्ले में शरण लेनी पड़ी। पीड़ित ने अपने भाई-बहन समेत पांच लोगों पर फोन कर जान से मारने की धमकी देने और लगातार उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला आकला निवासी साजिद पुत्र मुस्तफा, जो वर्तमान में छड़ियान रोड स्थित मीट फैक्ट्री के पास रह रहा है, ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि करीब आठ दिन पहले उसके नाबालिग बेटे माज के साथ मोहल्ला कायस्थवाड़ा निवासी वली पुत्र इरशाद ने मारपीट की थी। जब उसने इस मामले की शिकायत वली के पिता इरशाद से की तो वह नाराज हो गया और तभी से उससे रंजिश रखने लगा। पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद इरशाद ने उसके भाई सलमान, आरिफ, बहन शाइस्ता और पिता मुस्तफा को उसके खिलाफ भड़का दिया। इसके चलते उसे लगातार धमकियां मिलने लगीं, जिससे डरकर उसे अपना घर छोड़ना पड़ा। साजिद ने बताया कि एक मई की रात करीब 10:37 बजे उसके भाई आरिफ ने फोन कर उसे गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके कुछ देर बाद सलमान और शाइस्ता ने भी अलग-अलग नंबरों से फोन कर उसे और उसके बच्चों को जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि सलमान ने उसे घर वापस आने पर गंभीर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों के डर से वह अपने घर से घरेलू सामान और फर्नीचर तक नहीं निकाल पा रहा है। उसे आशंका है कि आरोपी किसी भी समय उसके साथ या उसके बच्चों के साथ कोई गंभीर वारदात कर सकते हैं। साजिद ने पुलिस को बताया कि धमकी भरे फोन कॉल की रिकॉर्डिंग उसके पास सुरक्षित है, जिसे उसने साक्ष्य के रूप में पुलिस को उपलब्ध कराया है। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने सलमान, आरिफ, शाइस्ता, मुस्तफा और वली के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि कॉल रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

