कैराना

घर लौट रहे युवक पर धारदार हथियार से हमला, तीन पर मुकदमा

कैराना के सुंदरनगर गेट के पास वारदात, गंभीर घायल ने दी तहरीर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। कोतवाली क्षेत्र के सुंदरनगर गेट के पास घर लौट रहे एक युवक पर तीन युवकों ने कथित रूप से जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने युवक को रोककर पहले गाली-गलौज की और विरोध करने पर लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला चांद कॉलोनी, नायरा पेट्रोल पंप के निकट निवासी समीर पुत्र इरफान ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि एक मई की रात करीब 10 बजे वह सुंदरनगर से अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह सुंदरनगर गेट के सामने पहुंचा तो वहां पहले से खड़े शोयब, वसीक पुत्र शफीक और आफताब, निवासी सुंदरनगर ने उसे रोक लिया। पीड़ित का आरोप है कि तीनों आरोपी हाथों में लाठी-डंडे और धारदार हथियार लिए हुए थे। आरोपियों ने उसके साथ अभद्रता करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। जब उसने विरोध किया तो तीनों ने एकराय होकर उस पर हमला कर दिया। हमले में समीर गंभीर रूप से घायल हो गया। समीर की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद कबीर, शमीम समेत अन्य लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उसे हमलावरों से बचाया। पीड़ित का आरोप है कि यदि लोग मौके पर नहीं पहुंचते तो आरोपी उसकी जान ले सकते थे। आरोप है कि हमलावर जाते समय दोबारा मौका मिलने पर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। इसके बाद घायल समीर ने कोतवाली पहुंचकर घटना की तहरीर दी और मेडिकल परीक्षण कराते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button