
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी, गाजियाबाद : विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लोनी के अंकुर विहार स्थित जनसंवाद न्यूज़ कार्यालय में एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक पत्रकारों ने भाग लिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में वर्तमान समय में आ रही चुनौतियों, जिम्मेदारियों और बदलते स्वरूप पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम की शुरुआत वरिष्ठ पत्रकार राजेन्द्र सोनी द्वारा सभी उपस्थित पत्रकारों का पटका पहनाकर स्वागत करने के साथ हुई। इस अवसर पर उपस्थित पत्रकारों ने एक-दूसरे का सम्मान करते हुए पेशे के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने पत्रकारिता की स्वतंत्रता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। सुशील शर्मा ने कहा कि आज के समय में पत्रकारिता करना पहले की तुलना में अधिक चुनौतीपूर्ण हो गया है। विभिन्न प्रकार के दबावों के बावजूद पत्रकारों को निष्पक्ष रहकर सच्चाई सामने लानी होती है। उन्होंने पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने की आवश्यकता भी बताई। राजेन्द्र सोनी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रेस लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और इसकी स्वतंत्रता किसी भी स्वस्थ समाज के लिए बेहद आवश्यक है। उन्होंने पत्रकारों से अपील की कि वे निर्भीक और निष्पक्ष होकर जनता के सामने सत्य प्रस्तुत करें, जिससे समाज को सही दिशा मिल सके।विनीत महेश्वरी ने डिजिटल युग में पत्रकारिता के बदलते स्वरूप पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज तकनीक ने मीडिया को तेज और व्यापक बना दिया है। ऐसे में पत्रकारों को नई तकनीकों के साथ खुद को अपडेट रखना होगा और फेक न्यूज़ जैसी चुनौतियों से सतर्क रहना बेहद जरूरी है।कार्यक्रम के अंत में सभी पत्रकारों ने एकजुट होकर पत्रकारिता के मूल्यों की रक्षा करने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को ईमानदारी से निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख लोग: विनीत महेश्वरी, कृपाशंकर पांडेय, उमाशंकर सिंह, सुशील शर्मा, किशन तोमर, सूरज शर्मा, रवि भारद्वाज, चंद्रदेव त्रिपाठी, मनीष सिन्हा, डी.पी. ओझा, विनय यादव, राय बहादुर सिंह, रेखा कश्यप, ज्योति सिंह, रीना वर्मा, सैय्यद नईम, मुरसलीन गाजी, जावेद इदरीसी, एडवोकेट राहुल गुप्ता सहित कई अन्य पत्रकार उपस्थित रहे।



