कैराना
राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए अधिकारियों संग मंथन
9 मई को होने वाली लोक अदालत में अधिक से अधिक वाद निस्तारण पर जोर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन को लेकर मंगलवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कैराना-शामली में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में 9 मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक वादों के निस्तारण को लेकर रणनीति तय की गई। बैठक की अध्यक्षता नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत एवं अपर सत्र न्यायाधीश (त्वरित न्यायालय) ऋतु नागर ने की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से लंबित मामलों का त्वरित और आपसी सहमति से निस्तारण कर लोगों को राहत पहुंचाई जाती है। ऐसे में सभी विभाग पूरी गंभीरता के साथ लंबित प्रकरणों को चिन्हित कर उनके निस्तारण की प्रक्रिया तेज करें। बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अक्षयदीप यादव सहित शिक्षा विभाग, अग्निशमन विभाग, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, जीएसटी, सहकारी समिति और कर विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श करते हुए राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की गई। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए कि वे अधिक से अधिक लंबित मामलों को अंतिम रूप से निस्तारित कर राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने में सक्रिय योगदान दें। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि अपने-अपने विभागों से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा, ताकि 9 मई को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत आमजन के लिए अधिक लाभकारी साबित हो सके।