बागपत
बड़ौत में हिन्दू युवा वाहिनी कार्यकर्ताओं ने भाजपा की जीत पर मनाया जश्न
मिठाई बांटकर जताई खुशी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बड़ौत। हिन्दू युवा वाहिनी कार्यालय, बड़ौत में भारतीय जनता पार्टी की पश्चिम बंगाल, असम एवं पुडुचेरी में सरकार बनने की खुशी में हिन्दू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक जश्न मनाया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर ऐतिहासिक जीत की खुशी साझा की और पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यालय परिसर जयघोषों, उत्साह और विजय उल्लास से गूंज उठा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी आलोक शास्त्री ने कहा कि यह जीत केवल चुनावी सफलता नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भारतीय जनता पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत, राष्ट्रवादी सोच और जनसेवा के प्रति समर्पण की विजय है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकारों की जनकल्याणकारी नीतियों, संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की निरंतर मेहनत ने देश के विभिन्न राज्यों में पार्टी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।
जिला सह-संयोजक रवि पालीवाल ने कहा कि आज का दिन डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों की विजय का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने राष्ट्रहित और अखंडता के लिए जो बलिदान दिया था, आज उनकी विचारधारा देशभर में जनसमर्थन के रूप में मजबूत होती दिखाई दे रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इसी समर्पण के साथ संगठन को और मजबूत करने का आह्वान किया।
जिला अध्यक्ष संजीव तोमर ने भाजपा की इस सफलता को राष्ट्रवाद, विकास और सुशासन की जीत बताते हुए सभी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं। पूर्व क्षेत्रीय मंत्री सचिन जैन ने भी कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम की सराहना करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है।
जिला मीडिया प्रभारी सुरेंद्र मलानिया ने अपने वक्तव्य में कहा कि पश्चिम बंगाल, असम एवं पुडुचेरी में भारतीय जनता पार्टी की सफलता देश की जनता के उस अटूट विश्वास का प्रमाण है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, भाजपा की राष्ट्रहितकारी नीतियों और समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत पर निरंतर मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि यह जीत केवल राजनीतिक विजय नहीं, बल्कि विकास, सुशासन, राष्ट्रवाद और जनसेवा की विचारधारा की जीत है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाकर जनता के विश्वास को मजबूत किया है, और यही कारण है कि देशभर में पार्टी का जनाधार लगातार बढ़ रहा है। सुरेंद्र मलानिया ने कहा कि यह विजय प्रत्येक बूथ स्तर के कार्यकर्ता के समर्पण, संघर्ष और संगठन के प्रति निष्ठा का परिणाम है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए भविष्य में भी राष्ट्रहित, समाजसेवा और संगठन विस्तार के लिए पूरी ऊर्जा के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
इस दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और पार्टी नेतृत्व के समर्थन में जोरदार नारे लगाए। कार्यक्रम में संगठन की एकजुटता, उत्साह और भविष्य में पार्टी को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प भी देखने को मिला।
इस अवसर पर नगर अध्यक्ष अतुल जैन, जिला मीडिया प्रभारी अरविंद खोखर, अनुराग मोहन, सुरेंद्र मलानिया, ब्लॉक अध्यक्ष मोहित उपाध्याय, जिला मंत्री राजीव भारद्वाज, ब्लॉक संयोजक सतपाल सिंह कश्यप, ब्लॉक प्रभारी विजय वर्मा, नगर संगठन महामंत्री अंकित वर्मा, पवेंदर तोमर, मनोज कटारिया, अमित सरोहा, बिट्टू गर्ग, दीपांशु, प्रियांशु सहित बड़ी संख्या में हिन्दू युवा वाहिनी एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा राष्ट्रहित में निरंतर कार्य करते रहने के संकल्प के साथ हुआ।



