कैराना
खेत जाते युवक पर लाठी-डंडों से हमला, तीन पड़ोसियों पर मुकदमा दर्ज
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। कोतवाली क्षेत्र के गांव तित्तरवाड़ा में खेत पर जा रहे एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित ने गांव के ही तीन युवकों पर लाठी-डंडों से हमला कर घायल करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
गांव तित्तरवाड़ा निवासी रितिक पुत्र सोनू ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि विगत 4 मई को शाम करीब तीन बजे वह अपने खेत पर जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में गांव के ही अंकित, रवि और तरसपाल पुत्रगण साहब सिंह ने उसे रोक लिया और एकजुट होकर उसके साथ लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। हमले में वह बेहोश होकर मौके पर गिर पड़ा। आरोप है कि आरोपी उसे घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गए। कुछ देर बाद उसके पिता मौके पर पहुंचे और उसे घर ले गए। बुधवार को पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



