कैराना
लायन्स ओलम्पियाड में सेंट आरसी स्कूल का परचम, छात्रों ने जीते कई पदक

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। क्षेत्र के सेंट आर.सी. साइंटिफिक कॉन्वेंट स्कूल के छात्र-छात्राओं ने लायन्स ओलम्पियाड फाउंडेशन, दिल्ली की क्षेत्रीय स्तर प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर गोल्ड, सिल्वर और कांस्य पदक हासिल किए। छात्रों की इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है। प्रतियोगिता का आयोजन लोकेन्द्र सिंह और प्रदीप कौशिक के निर्देशन में गणित, विज्ञान, अंग्रेजी, सामान्य ज्ञान और कंप्यूटर विषयों में किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पदक विजेताओं में अशबी मलिक, कार्तिक गर्ग, कर्ण रूहेला, आयुष्मान, अर्मिश, मिन्जा सिद्दीकी, शिफा सैफी, दिशा चौहान, माहिरा, नव्या धीमान, पलक चौहान और आयुषी कश्यप शामिल रहे। विद्यालय निदेशक यशपाल पंवार ने विजेता छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र व पदक देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए संकल्पबद्ध है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया जाता है, ताकि छात्र अपनी रुचि के अनुसार प्रतिभा निखार सकें। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है और आत्मविश्वास बढ़ता है। इस अवसर पर प्रमोद कुमार, अमित वर्मा, विवेक चौहान, अंकित चौहान, प्रशांत शर्मा, संध्या शर्मा, कल्पना तोमर और मीनाक्षी चौधरी का विशेष सहयोग रहा।


