गोड्डा

अल्ट्रासाउंड जांच के दौरान महिला की मृत्यु मामले में जिला प्रशासन की त्वरित कार्रवाई

प्राथमिकी दर्ज, क्लिनिक सील करने का निर्देश ,पारिवारिक लाभ देने का निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
  गोड्डा : मीरा मालतो, उम्र 27 वर्ष, ग्राम-कुसुमघाटी, बोआरीजोर का सुन्दरपहाड़ी प्रखण्ड अन्तर्गत सारेय टोला, केड़ो (बांसजोरी जागीर) स्थित सन लाईफ हेल्थ केयर में मृत्यु होने की की सूचना प्राप्त होने पर जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने मामले का त्वरित संज्ञान लिया। घटना को अत्यंत गंभीर मानते हुए उपायुक्त द्वारा संबंधित संस्थान की कार्यप्रणाली, चिकित्सकीय व्यवस्थाओं, उपलब्ध संसाधनों एवं आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधा की विस्तृत जांच करने का निर्देश सिविल सर्जन, गोड्डा को दिया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, सुंदरपहाड़ी द्वारा संबंधित संस्थान के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। साथ ही सन लाईफ हेल्थ केयर, मेन रोड़, सारेय टोला, केड़ो (बांसजोरी जागीर) को दण्डाधिकारी की उपस्थिति में सील कराई गई। उपायुक्त द्वारा मृतक के परिजनों को सामाजिक सुरक्षा योजनांतर्गत पारिवारिक लाभ उपलब्ध कराने हेतु भी निर्देश दिया गया है। इसके आलोक में प्रखंड विकास पदाधिकारी, बोआरीजोर द्वारा पारिवारिक लाभ योजना के तहत सहायता उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए गोड्डा जिला में बिना निबंधन के अवैध रुप से संचालित निजी हॉस्पीटल, क्लीनिक, नर्सिंग होम, डायग्नोस्टिक सेंटर, पैथोलॉजी लैब, अल्ट्रासाउण्ड सेंटर आदि का सघन जांच करने हेतु सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी एवं थाना प्रभारी को आदेश दिया गया है। उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान यदि किसी प्रकार की चिकित्सकीय लापरवाही, नियमों के उल्लंघन अथवा अनियमितता की पुष्टि होती है तो संबंधित दोषियों के विरुद्ध कठोर विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।जिला प्रशासन द्वारा आश्वस्त किया गया है कि पूरे मामले में पूर्ण पारदर्शिता बरती जाएगी तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने हेतु हरसंभव कदम उठाए जाएंगे। भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के उद्देश्य से स्वास्थ्य संस्थानों की नियमित निगरानी एवं जांच व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाएगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button