बेतुल
बैतूल एनएसयूआई प्रदेश सचिव के हस्तक्षेप से वार्ड 7 में पहुंचे पानी के टैंकर
15 दिनों से जल संकट झेल रहे वार्डवासियों को राहत, नालियों की सफाई भी 24 घंटे में कराने का आश्वासन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चिचोली। नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 07 में पिछले 15 दिनों से गंभीर पेयजल संकट बना हुआ था। वार्डवासी लगातार परेशान थे, लेकिन उनकी शिकायतों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पा रही थी। हालात ऐसे थे कि लोगों को पीने के पानी तक के लिए भटकना पड़ रहा था।
इस गंभीर समस्या की सूचना लगते ही एनएसयूआई प्रदेश सचिव हर्ष भुसारी सीधे मुख्य नगर पालिका अधिकारी से नगर परिषद में मुलाकात करने पहुंचे और उन्हें अपने साथ तिलक वार्ड, क्र. 07 में लेकर गए।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए हर्ष भुसारी ने मौके पर ही सीएमओ से तत्काल कार्रवाई की मांग की। जिस पर सीएमओ ने तुरंत संज्ञान लेते हुए वार्ड में पानी के टैंकर भिजवाए, जिससे वार्डवासियों को तत्काल राहत मिली।
इस दौरान हर्ष भुसारी ने वार्ड की अन्य समस्याएं भी प्रमुखता से उठाईं। उन्होंने बताया कि नालियों में लंबे समय से कचरा जमा है, जिससे गंदगी फैल रही है और बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। इस पर सीएमओ ने आश्वासन दिया कि 24 घंटे के भीतर नालियों की सफाई कराई जाएगी।
वार्डवासी स्मिता आर्य और आलोक आर्य ने बताया कि वार्डवासी पिछले कई दिनों से पानी की समस्या से जूझ रहे थे, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही थी। ऐसे में हर्ष भुसारी द्वारा मौके पर अधिकारियों को लेकर आना और तुरंत समाधान कराना लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हुआ। वार्डवासियों ने इस त्वरित कार्यवाही के लिए हर्ष भुसारी का आभार व्यक्त किया।



