Uncategorized
चाची के हाथ से भतीजे ने लूटा बैग, देखता रह गया चाचा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मथुरा के हाईवे थाना क्षेत्र में भरतपुर रोड पर दंपती से 2.70 लाख रुपये से लूट करने वाले बदमाशों को पुलिस ने दबोच लिया है। इन बदमाशों में दंपती का भतीजा शामिल है। भतीजे अपने साले के साथ वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों के पास से 2.10 लाख रुपये की नकदी भी बरामद की है। मांट के नगला घूरे निवासी चौहान सिंह का डीग में मकान था। वह अपने भाई के नाम मकान की रजिस्ट्री कराकर डीग से लौट रहे थे। 2.70 लाख रुपये से भरा बैग हाथ में थामें उनकी पत्नी बाइक पर पीछे बैठी थीं। इसी दौरान रास्ते में भरतपुर रोड पर तारसी चौराहे के पास बाइक सवार बदमाश उनकी पत्नी के हाथ से पैसों से भरा बैग छीनकर भाग गए थे। उसी समय से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। हालांकि 12 घंटे के अंदर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इन आरोपियों को दंपती का भतीजा भी शामिल है। सीओ अनिल कपरवान ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 2.10 लाख रुपये बरामद हुए हैं। कोर्ट में पेश कर आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज जाएगा।



