देवलबाड़ी सार्वजनिक काली मंदिर में वार्षिक पूजा संपन्न, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
Devlabari Public Kali Temple celebrates annual puja, draws crowds of devotees
नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
जामताड़ा। करमाटांड़ प्रखंड क्षेत्र के देवलबाड़ी गांव स्थित सार्वजनिक काली मंदिर में शनिवार को वार्षिक काली पूजा श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ संपन्न हुई। पूजा को लेकर सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। आसपास के गांवों सहित दूर-दराज क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और माँ काली के चरणों में माथा टेककर सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना की। पूजा-अर्चना के दौरान मंदिर परिसर पूरी तरह भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। श्रद्धालु “जय माँ काली” के जयकारों के साथ पूजा में शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों एवं भक्ति गीतों से पूरा वातावरण भक्तिरस से सराबोर हो गया। पूजा समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर विशेष व्यवस्था की गई थी, जिससे लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। ग्रामीणों ने बताया कि प्रत्येक वर्ष यहां धूमधाम से काली पूजा का आयोजन किया जाता है और इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। पूजा संपन्न होने के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में पूजा समिति एवं गांव के युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन को लेकर पूरे गांव में उत्साह, श्रद्धा और उल्लास का माहौल देखने को मिला।


