शामली

“नो हेलमेट-नो फ्यूल” अभियान के तहत शामली पुलिस सख्त

369 वाहनों के चालान

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो 
शामली। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और अनुशासित बनाने के उद्देश्य से जनपद में “नो हेलमेट-नो फ्यूल” अभियान लगातार चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक शामली श्री एन.पी. सिंह के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक श्री सुमित शुक्ला के मार्गदर्शन में रविवार को यातायात पुलिस द्वारा व्यापक सड़क सुरक्षा जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान चलाया गया।
यातायात निरीक्षक श्रीमती निधि चौधरी एवं उनकी टीम ने अंजता चौक, रोडवेज बस अड्डा, बनत चौराहा, कैराना बस अड्डा, विजय चौक, फव्वारा चौक, धीमानपुरा फाटक और शिव चौक सहित जनपद के प्रमुख चौराहों पर विशेष अभियान चलाकर दोपहिया वाहन चालकों, पेट्रोल पंप संचालकों एवं आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान वाहन चालकों को स्पष्ट रूप से बताया गया कि बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों को पेट्रोल नहीं दिया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटना में जीवन बचाने का सबसे महत्वपूर्ण सुरक्षा उपकरण है।
यातायात पुलिस ने लोगों को सीट बेल्ट एवं हेलमेट के अनिवार्य प्रयोग, नियंत्रित गति से वाहन चलाने तथा मोबाइल फोन का प्रयोग न करने की सलाह दी। साथ ही नशे की हालत में वाहन चलाने और नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन को गंभीर खतरा बताते हुए इससे बचने की अपील की गई।
अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कुल 369 वाहनों के चालान किए गए। इनमें 305 चालान बिना हेलमेट वाहन चलाने पर किए गए।
पुलिस अधीक्षक शामली श्री एन.पी. सिंह ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा को अपनी व्यक्तिगत जिम्मेदारी समझें तथा दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट का प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी “नो हेलमेट-नो फ्यूल” अभियान लगातार जारी रहेगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button