शामली
प्लाटिंग साइट में हुई चोरी का खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार
चोरी किया गया इन्वर्टर, तांबे का तार व अवैध छुरे बरामद

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो
कांधला। कांधला पुलिस ने प्लाटिंग साइट पर हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया इन्वर्टर, जनरेटर की कोयल से निकाला गया करीब 500 ग्राम तांबे का तार, घटना में प्रयुक्त औजार तथा दो अवैध छुरे बरामद किए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
थाना क्षेत्र के गांव हुरजमपुर निवासी जयभगवान पुत्र दयाराम ने 29 अप्रैल को थाने में तहरीर देकर बताया था कि कस्बे स्थित उनकी प्लाटिंग साइट से अज्ञात चोर इन्वर्टर, बैटरा, जनरेटर की कोयल सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए थे। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी थी।
पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत उपनिरीक्षक नरेंद्र वर्मा पुलिस टीम के साथ जिडाना नहर पुलिया पर संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया, जिनके पास से एक प्लास्टिक के कट्टे में चोरी का सामान बरामद हुआ।
थाने लाकर पूछताछ करने पर आरोपियों ने चोरी की घटना स्वीकार कर ली। गिरफ्तार आरोपियों ने अपने नाम इसरार पुत्र यामीन निवासी मोहल्ला मिर्दगान तथा वासिद पुत्र राशिद निवासी मोहल्ला नई बस्ती बताए हैं। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी किया गया इन्वर्टर, जनरेटर की कोयल से निकाला गया तांबे का तार, प्लास, पेचकस तथा दो अवैध छुरे बरामद किए गए।
सोमवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।


