जालौन
गांव की चैपाल से ज्ञान की अलख तक पहुँचे पूर्व आईपीएस राजेश पाण्डेय
माता प्रसाद पुस्तकालय को “वर्चस” पुस्तक भेंट कर युवाओं को दिया शिक्षा और संस्कार का संदेश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
उरई (जालौन)। यूपीडा एवं पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के नोडल सिक्योरिटी ऑफिसर तथा पूर्व आईपीएस अधिकारी राजेश पाण्डेय ने जनपद जालौन के ग्राम चमारी पहुंचकर सामाजिक एवं शैक्षिक जागरूकता का प्रेरणादायी संदेश दिया। उन्होंने गांव स्थित माता प्रसाद पुस्तकालय में अपनी पुस्तक “वर्चस” भेंट कर युवाओं और विद्यार्थियों को ज्ञान, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
पूर्व आईपीएस राजेश पाण्डेय ने कहा कि पुस्तकें केवल जानकारी का माध्यम नहीं होतीं, बल्कि वे व्यक्तित्व निर्माण और समाज को सही दिशा देने का सबसे सशक्त साधन हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पुस्तकालयों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि यही स्थान युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने का कार्य करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि जीवन में सफलता केवल संसाधनों से नहीं, बल्कि निरंतर अध्ययन, आत्मविश्वास और मेहनत से प्राप्त होती है। “वर्चस” पुस्तक के माध्यम से उन्होंने युवाओं को सकारात्मक जीवन मूल्यों, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका को समझने का संदेश दिया।ग्रामवासियों एवं पुस्तकालय से जुड़े लोगों ने पूर्व आईपीएस अधिकारी का गर्मजोशी से स्वागत किया और पुस्तक भेंट को गांव के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी पहल बताया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, पठन-पाठन और ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने को लेकर सार्थक चर्चा भी हुई।ग्रामीणों ने कहा कि ऐसे प्रेरक व्यक्तित्व का गांव में आगमन युवाओं में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार करता है। इस मौके पर पुस्तकालय की देख रेख करने वाली टीम की तरफ से रोशनी अहिरवार, अनिष्ठा शर्मा, शिक्षिका शिवा कुशवाहा, अनुराग शुक्ला शिक्षक , मनोज राजपूत एवं गौरव सेंगर मौजूद रहे ।


