जालौन

राशन दुकान आवंटन बैठक स्थगित होने पर भड़के ग्रामीण, पहुंचे एसडीएम कार्यालय

पारदर्शिता न होने का लगाया आरोप, सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जालौन। तहसील क्षेत्र के ग्राम जगनेवा में खाद्यान्न वितरण की दुकान के आवंटन को लेकर आयोजित बैठक उस समय विवादों में घिर गई, जब बैठक को अचानक स्थगित कर दिया गया। बैठक स्थगित होने की सूचना मिलते ही गांव के आधा सैकड़ा से अधिक ग्रामीण नाराज होकर सीधे उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन करते हुए अपनी समस्याएं रखीं।
ग्रामीणों का आरोप था कि राशन दुकान आवंटन प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है। बिना किसी स्पष्ट सूचना और कारण बताए बैठक को स्थगित कर दिए जाने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी को पूरे मामले से अवगत कराते हुए निष्पक्ष एवं पारदर्शी कार्रवाई की मांग की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी ने संबंधित सचिव से तत्काल स्पष्टीकरण तलब करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राशन दुकान आवंटन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उपजिलाधिकारी ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराया जाएगा तथा खाद्यान्न वितरण की दुकान का आवंटन नियमानुसार और पूरी पारदर्शिता के साथ कराया जाएगा। प्रशासन की ओर से निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा मिलने के बाद ग्रामीणों का आक्रोश शांत हुआ।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button