गाजियाबाद
विकास कार्यों के नाम पर दिखावा करने वालों से सतर्क रहें : रंजीता धामा
लोनी में 3.88 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शुभारंभ, विपक्ष पर साधा निशाना

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी, गाजियाबाद : राष्ट्रीय लोकदल की लोनी नगरपालिका अध्यक्ष रंजीता धामा ने सोमवार को वार्ड 43, 45, 35, 13 और 16 की विभिन्न कॉलोनियों—चमन विहार, विजय विहार, सादुल्लाबाद, आर्य नगर, नाईपुरा और राजीव गार्डन में करीब 3 करोड़ 88 लाख रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का फीता काटकर और नारियल फोड़कर शुभारंभ किया।
इस मौके पर स्थानीय लोगों ने ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और पुष्प वर्षा के साथ उनका भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
रंजीता धामा ने बताया कि इस बजट से अलग-अलग वार्डों में इंटरलॉकिंग सड़कें, आरसीसी नालियां, पानी की टंकी की मरम्मत और चारदीवारी निर्माण जैसे कार्य कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जनता का स्नेह और विश्वास ही उन्हें लगातार जनसेवा के लिए प्रेरित करता है।
उन्होंने कहा कि जब लोग अपने मोहल्लों में विकास कार्य शुरू होते देखते हैं और उनके चेहरे पर संतोष नजर आता है, तो वही किसी जनप्रतिनिधि के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि होती है। उन्होंने यह भी कहा कि लोनी की जनता का समर्थन लगातार बढ़ रहा है, जो आने वाले 2027 के चुनाव में उनकी सबसे बड़ी ताकत बनेगा।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए रंजीता धामा ने कहा कि कुछ लोग केवल दिखावे के लिए उद्घाटन कर जनता के बीच भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी नेता के उद्घाटन कार्यक्रम में यह जरूर जानें कि कार्य किस विभाग या निधि से कराया जा रहा है और संबंधित व्यक्ति को उसका अधिकार है या नहीं।
उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि जनता सही और गलत की पहचान करे तथा विकास करने वालों का साथ दे।
कार्यक्रम में सभासद गुलजार अल्वी, मनबीर गुर्जर, सुशील कुमार, कमल शर्मा, रवि गुर्जर, एडवोकेट कुलदीप शर्मा, रोहित पाल, इरफान दीवान, विजेन्दर नागर, प्रमोद शर्मा, नेहा मिश्रा, दुर्गेश चौधरी, हरिशंकर शर्मा समेत सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।



