ललितपुर

न्यूनतम वेतन 26 हजार रुपये करने की मांग

प्रधानमंत्री के नाम डीएम को सौंपा ज्ञापन

मेडिकल एवं सेल्स प्रतिनिधियों ने श्रमिक हितों को लेकर उठाई आवाज
श्रम कानूनों के पालन की मांग
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। श्रमिकों और कर्मचारियों के अधिकारों को लेकर मंगलवार को यू.पी.एम.एस.आर.ए. के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा। संगठन ने देशभर के मजदूरों और कर्मचारियों की समस्याओं को उठाते हुए न्यूनतम मासिक वेतन 26 हजार रुपये घोषित किए जाने की मांग की। संगठन की ओर से दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि वर्तमान समय में श्रमिकों और कर्मचारियों को विभिन्न कार्यस्थलों पर श्रम कानूनों के उल्लंघन, अनुचित श्रम प्रथाओं और रोजगार असुरक्षा जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में उत्तर प्रदेश, हरियाणा और एनसीआर क्षेत्रों में श्रमिक आंदोलनों पर की जा रही कार्रवाई पर भी चिंता व्यक्त की गई। संगठन ने मांग करते हुए कहा कि गिरफ्तार मजदूरों और श्रमिक नेताओं की रिहाई, श्रमिकों पर दर्ज मामलों की वापसी, श्रम अधिकारों की सुरक्षा और ट्रेड यूनियनों के अधिकारों का संरक्षण सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही कर्मचारियों के लिए 8 घंटे का कार्य दिवस, ओवरटाइम का उचित भुगतान, कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण की भी मांग उठाई गई। ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि सेल्स प्रमोशन कर्मचारियों को निश्चित अवधि रोजगार के दायरे से बाहर रखा जाए तथा बढ़ती महंगाई को देखते हुए दैनिक भत्ता और यात्रा भत्ता बढ़ाया जाए। ज्ञापन पर संगठन के महासचिव विमेश कुमार मिश्रा सहित स्थानीय पदाधिकारियों और सदस्यों के हस्ताक्षर मौजूद रहे। संगठन ने उम्मीद जताई कि केन्द्र सरकार श्रमिक हितों से जुड़े इन मुद्दों पर गंभीरता से विचार कर जल्द सकारात्मक निर्णय लेगी। इस दौरान सचिव रवि पंथ, उपाध्यक्ष रूपम झा, कोषाध्यक्ष श्याम सोनी, अक्षय गौतम, सुजीत, निखिल, गौरव कुमार, ललित बघेल, योगेश नामदेव, राजकुमार आदि मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button