शिक्षकों का दो माह का वेतन लंबित, गहराया आर्थिक संकट, झारखंड प्रगतिशील शिक्षक संघ ने उपायुक्त से की शीघ्र भुगतान की मांग
Teachers' salaries are pending for two months, deepening the financial crisis. The Jharkhand Progressive Teachers' Association has demanded immediate payment from the Deputy Commissioner.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। झारखंड। जिले के शिक्षकों का पिछले दो माह का वेतन अब तक लंबित रहने से शिक्षकों के बीच गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। इस संबंध में झारखंड प्रगतिशील शिक्षक संघ, जिला इकाई पाकुड़ द्वारा उपायुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र वेतन भुगतान की मांग की गई है। संघ के अनुसार जिले में पदस्थापित अधिकांश शिक्षक अन्य जिलों से आकर कार्यरत हैं, जिन्हें मकान किराया एवं दैनिक खर्चों के भुगतान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वेतन न मिलने के कारण उनकी आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। इसके अलावा, आगामी त्योहार (बकरीद) के मद्देनज़र विशेष रूप से मुस्लिम समुदाय के शिक्षकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी बढ़ गया है। साथ ही कई शिक्षकों के बैंक ऋण की किस्तें समय पर जमा न हो पाने के कारण उनकी किस्तें बाउंस हो रही हैं, जिससे मानसिक तनाव भी बढ़ रहा है। शिक्षक संघ ने उपायुक्त से इस मामले में सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए तत्काल हस्तक्षेप करने और प्रारंभिक शिक्षकों के लंबित वेतन के शीघ्र भुगतान हेतु आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की है। संघ ने आशा व्यक्त की है कि प्रशासन इस गंभीर समस्या को प्राथमिकता देते हुए जल्द समाधान करेगा, ताकि शिक्षकों को राहत मिल सके।



