गोड्डा
जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षात्मक बैठक आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। मौके पर नगर परिषद अध्यक्ष सुशील रमानी मौजूद रहे। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं, चिकित्सा सेवाओं, मलेरिया के रोकथाम, एनसीडी सेल, टीकाकरण कार्यक्रम, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, संस्थागत प्रसव, स्वास्थ्य केंद्रों की कार्यप्रणाली सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को गर्भवती महिलाओं के पंजीकरण संबंधी आंकड़ों की नियमित मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने ऐसे दुर्गम क्षेत्रों का सर्वेक्षण कराने का निर्देश दिया, जहां एंबुलेंस की पहुंच नहीं हो पाती है, ताकि वैकल्पिक सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए सड़क निर्माण हेतु प्रस्ताव संबंधित विभाग को प्रेषित किया जा सके। उपायुक्त ने बिना निबंधन के अवैध रूप से संचालित निजी अस्पतालों, क्लीनिकों एवं नर्सिंग होम के विरुद्ध नियमित जांच अभियान चलाकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं सदर अस्पताल में साफ-सफाई व्यवस्था सुदृढ़ रखने, बेसिक ब्लड टेस्ट एवं लैब सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक माह रोगी कल्याण समिति की बैठक अनिवार्य रूप से आयोजित करने का निर्देश दिया। साथ ही इन बैठकों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी बल दिया। एमटीसी (Malnutrition Treatment Centre) केंद्रों की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने कुपोषित बच्चों के उपचार हेतु उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने केंद्रवार इलाज की स्थिति की समीक्षा करते हुए एमटीसी केंद्रों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने तथा समाज कल्याण विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर कुपोषित बच्चों के समुचित इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
बैठक में सदर अस्पताल सहित अन्य सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने तथा ब्लड बैंक के सफल संचालन को लेकर भी विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आमजन को गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने पर विशेष जोर दिया। उपायुक्त ने जिले में संचालित टीकाकरण अभियान, आयुष्मान भारत योजना, पोषण कार्यक्रम, परिवार कल्याण कार्यक्रम एवं अन्य राष्ट्रीय स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य केंद्रों में समयबद्ध उपचार, बेहतर प्रबंधन एवं साफ-सफाई सुनिश्चित करने पर बल दिया।
बैठक में मातृ मृत्यु दर एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने हेतु प्रभावी रणनीति अपनाने, नियमित स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर भी चर्चा की गई। उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा प्रगति प्रतिवेदन समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों की आधारभूत संरचना, उपकरणों की उपलब्धता एवं लंबित कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में जिला योजना पदाधिकारी फैजान सरवर, सिविल सर्जन, सदर अस्पताल उपाधीक्षक ताराशंकर झा, हॉस्पिटल मैनेजर मोनाली राय आदि उपस्थित थे।



