गाजियाबाद
चेकिंग के दौरान लोनी बॉर्डर पुलिस के हत्थे चढ़े तीन वाहन चोर, तीन बाइक बरामद

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : लोनी बॉर्डर थाना पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी की तीन मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी मनीष बिष्ट के अनुसार क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी के लिए बुधवार को विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी बीच मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि तीन युवक चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ बेहटा अंडरपास के पास मौजूद हैं और किसी वारदात की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और चारों तरफ से घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान अर्पित उर्फ हैप्पी पुत्र पवन निवासी भोपुरा कुटी थाना टीला मोड़, वर्तमान पता शिव वाटिका लोनी बॉर्डर, अन्नू पुत्र योगेंद्र निवासी कृष्ण विहार थाना टीला मोड़ तथा राशिद पुत्र उस्मान निवासी विकास कुंज थाना लोनी बॉर्डर, गाजियाबाद के रूप में बताई।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से बरामद तीनों मोटरसाइकिलें गाजियाबाद और दिल्ली के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चोरी की गई थीं। आरोपियों ने पूछताछ में वाहन चोरी की घटनाओं को स्वीकार किया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश और दिल्ली में वाहन चोरी व छिनैती के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस उनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।

