कैराना
रेत खनन पट्टे पर दबंगों का धावा, फायरिंग कर दी जान से मारने की धमकी
पैसे मांगने पर लाठी-डंडे और तमंचे लेकर पहुंचे 20 से अधिक लोग, दो कर्मचारी घायल
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कैराना क्षेत्र के गांव खुरगान स्थित रेत खनन पट्टे पर शनिवार सुबह दबंगों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि रेत के पैसे मांगने पर कई लोग हथियारों से लैस होकर खान पर पहुंच गए और वहां मौजूद कर्मचारियों के साथ मारपीट कर फायरिंग करते हुए जान से मारने की धमकी दी। हमले में दो कर्मचारी घायल हो गए। पीड़ित ने करीब 20 लोगों के खिलाफ कैराना कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
आर्या लॉजिस्टिक कंपनी में कार्यरत गौतम सिंह पुत्र राजबीर सिंह निवासी ग्राम अथाई जनपद मुंगेर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कंपनी को गांव इस्सोपुर खुरगान में रेत खनन का पट्टा आवंटित है। खान की देखरेख और संचालन की जिम्मेदारी उसके पास है। शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे गांव खुरगान निवासी आजम पुत्र बासा और तसव्वर पुत्र अख्तर ट्रक संख्या एच् आर 58 ई 9341 लेकर खान पर पहुंचे और रेत भरवाई। जब उनसे रेत का भुगतान मांगा गया तो दोनों ने खुद को गांव का निवासी बताते हुए कहा कि उनकी गाड़ियों से कोई भी पैसे नहीं ले सकता। आरोप है कि बिना भुगतान के गाड़ी भेजने से मना करने पर दोनों आरोपी गाली-गलौज करने लगे और धमकी देते हुए गांव से अपने अन्य साथियों को बुला लिया। कुछ देर बाद मुबारिक पुत्र इरशाद, माहिर पुत्र शौकत, आजम पुत्र सालिम, आवेश पुत्र इकराम, आस मोहम्मद पुत्र महबूब, सादिक पुत्र इरशाद, रिजवान पुत्र जमशैद समेत करीब 12 अन्य लोग सफेद स्कॉर्पियो और मोटरसाइकिलों पर सवार होकर खान पर पहुंचे। आरोपियों के हाथों में लाठी-डंडे, धारदार हथियार और तमंचे बताए गए हैं। पीड़ित का आरोप है कि सभी आरोपियों ने खान पर पहुंचते ही उस पर और कर्मचारी फरमान पर जानलेवा हमला कर दिया। मारपीट में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर-शराबा सुनकर खान पर मौजूद अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव कर दोनों को बचाया। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि जाते समय आरोपी तमंचों से फायरिंग करते हुए धमकी देकर गए कि यदि खनन कार्य चलाना है तो उनकी गाड़ियों से कोई पैसा नहीं लिया जाएगा। विरोध करने पर खान बंद कर रेत में गाड़ देने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद खनन क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


