कैराना
इंडिया ओपन इंटरनेशनल कराटे चैंपियनशिप में कैराना की बेटी का जलवा
द न्यू हाईट्स एकेडमी की छात्रा हिमांशी ने जीता गोल्ड और सिल्वर मेडल,तालकटोरा स्टेडियम में लहराया प्रतिभा का परचम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कैराना। कस्बे के द न्यू हाईट्स एकेडमी की छात्रा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर की कराटे प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर कैराना का नाम रोशन किया है।
नई दिल्ली के प्रतिष्ठित तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में आयोजित इंडिया ओपन इंटरनेशनल कराटे चैंपियनशिप के पहले दिन विद्यालय की छात्रा हिमांशी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए एक गोल्ड और एक सिल्वर मेडल अपने नाम किया।छात्रा की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। प्रतियोगिता में हिमांशी ने जूनियर वर्ग की कराटे काता स्पर्धा में शानदार कौशल का प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया, जबकि कराटे फाइट प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में हिस्सा लेते हुए छात्रा ने जिस आत्मविश्वास और अनुशासन के साथ प्रदर्शन किया, उसने सभी को प्रभावित किया। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि पिछले दो वर्षों से दि न्यू हाईट्स एकेडमी में कराटे प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को आत्मरक्षा के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल भावना से जोड़ना है। अब विद्यालय के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने लगे हैं, जो पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं प्रबंधन ने हिमांशी की उपलब्धि को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि छोटे शहरों की प्रतिभाओं को यदि सही मंच और मार्गदर्शन मिले तो वे देश-दुनिया में अपनी अलग पहचान बना सकती हैं। उन्होंने कराटे प्रशिक्षकों, अभिभावकों और विद्यालय परिवार को भी इस सफलता का श्रेय दिया। छात्रा की सफलता पर विद्यालय में उत्साह का माहौल बना हुआ है। शिक्षकों और अभिभावकों ने हिमांशी को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि यह उपलब्धि आने वाले समय में अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

