कैराना
कच्ची शराब बेचने जा रहे युवक को पुलिस ने दबोचा
पांच लीटर अवैध शराब बरामद, कैराना पुलिस ने आबकारी अधिनियम में किया मुकदमा दर्ज

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कैराना में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने शनिवार शाम एक युवक को पांच लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी को अलीपुर रोड स्थित विजय पथिक डिग्री कॉलेज के पीछे से दबोचा गया। पुलिस ने बरामद शराब को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, उपनिरीक्षक राजकुमार शनिवार शाम हमराह पुलिसकर्मियों के साथ क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग, गश्त तथा वांछित अभियुक्तों की तलाश में निकले थे। इसी दौरान पुलिस टीम अलीपुर रोड स्थित विजय पथिक डिग्री कॉलेज के पीछे पहुंची तो एक युवक हाथ में प्लास्टिक की जरीकैन लिए आता दिखाई दिया। पुलिस ने युवक को रुकने का इशारा किया, लेकिन वह पुलिस को देखकर तेजी से कच्चे रास्ते की ओर बढ़ने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अभिषेक पुत्र सुभाष निवासी मोहल्ला आलकला, वार्ड नंबर-दो, थाना कैराना बताया। तलाशी लेने पर युवक के कब्जे से पांच लीटर कच्ची शराब बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह शराब का कुछ हिस्सा स्वयं पीता है और बाकी राह चलते लोगों को बेच देता है, जिससे उसके परिवार का खर्च चलता है। पुलिस ने मौके पर शराब की जांच की तो उसमें कच्ची शराब होने की पुष्टि हुई। बरामद शराब में से एक लीटर नमूने के तौर पर अलग कर सील किया गया, जबकि शेष चार लीटर शराब को भी सील कर कब्जे में ले लिया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी की वीडियोग्राफी भी कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 60(1) आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

