किसानों के मुद्दे पर भाजपा पाकुड़ की बैठक, 20 मई को प्रखंड मुख्यालय में होगा धरना
BJP Pakur meeting on farmers' issue, protest to be held at block headquarters on May 20

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। भाजपा प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय जनता पार्टी पाकुड़ नगर एवं ग्रामीण मंडल के प्रमुख कार्यकर्ताओं की संयुक्त बैठक मंगलवार को रेलवे मैदान, पाकुड़ में आयोजित की गई। बैठक में किसानों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हुए 20 मई 2026 को पाकुड़ प्रखंड कार्यालय परिसर में धरना कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में प्रभारी के रूप में भाजपा के वरिष्ठ नेता अनुग्राहित प्रसाद साह, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष बाबूधन मुर्मू, जिला महामंत्री रूपेश भगत, जिला उपाध्यक्ष हिसाबी राय तथा पूर्व जिला अध्यक्ष अमृत पाण्डेय मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक में नेताओं ने कहा कि धरना कार्यक्रम के माध्यम से राज्य सरकार द्वारा किसानों से किए गए वादों को याद दिलाया जाएगा तथा उनकी समस्याओं को जनता के बीच उठाया जाएगा। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम की तैयारी भी शुरू कर दी है।
चुनावी वादे पूरे करने में सरकार विफल : अनुग्राहित प्रसाद साह
भाजपा के वरिष्ठ नेता अनुग्राहित प्रसाद साह ने कहा कि महागठबंधन सरकार ने चुनाव से पहले किसानों के हित में कई बड़े वादे किए थे, लेकिन सरकार बनने के बाद उन्हें पूरा नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस ने किसानों को ₹3200 प्रति क्विंटल न्यूनतम समर्थन मूल्य देने, वन उत्पादों के एमएसपी में 50 प्रतिशत तक वृद्धि, कृषि कार्य के लिए मुफ्त बिजली, सस्ती दरों पर खाद-बीज और कृषि उपकरण उपलब्ध कराने जैसे वादे किए थे, लेकिन अब सरकार इन मुद्दों को भूल चुकी है। उन्होंने कहा कि किसानों को किफायती दर पर खाद उपलब्ध कराने के बजाय बाजार में कालाबाजारी हो रही है। ₹266 वाली यूरिया की बोरी ₹550 से ₹800 तक में बेची जा रही है।
पीएम फसल बीमा योजना में अवरोध का आरोप
भाजपा नेता बाबूधन मुर्मू ने कहा कि पूर्ववर्ती भाजपा सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना को हेमंत सरकार ने बंद कर दिया। साथ ही प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में भी बाधाएं उत्पन्न की गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान राज्य सरकार किसान और गरीब विरोधी है तथा आंदोलन के माध्यम से सरकार का “असल चेहरा” जनता के सामने लाया जाएगा। बैठक में शर्मिला रजक, मंडल अध्यक्ष सुरेश मंडल, सोहन मंडल, सुशांत घोष, त्रिलोचन दास, मोहन मंडल, रामचंद्र दास, अरुण चौधरी, सदानंद रजवाड़, सुबोध मंडल, मनीष पांडेय, सुशील साहा, पंकज शाह, अनिकेत गोस्वामी, सादेकुल आलम, धर्मेंद्र त्रिवेदी, रतन भगत, जीतू सिंह, विशु घोष, गौतम रजक सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।



