धनसार थाना में तैनात ड्राइवर पर गंभीर आरोप, अवैध वसूली से लेकर दबंगई तक की चर्चा
Serious allegations against the driver posted at Dhansar police station, ranging from illegal extortion to bullying.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
धनबाद। धनबाद के धनसार थाना से जुड़ा एक मामला इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। थाना में लंबे समय से ड्राइवर के रूप में कार्यरत शक्ति कुमार पर अवैध वसूली, दबंगई और कथित रूप से अवैध गतिविधियों से संबंध रखने जैसे गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जानकारी के अनुसार, शक्ति कुमार पिछले पांच वर्षों से अधिक समय से धनसार थाना में पदस्थापित हैं। एक ही थाना में इतने लंबे समय तक तैनाती को लेकर स्थानीय लोगों के बीच कई सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तो कई अहम खुलासे हो सकते हैं। सूत्रों का दावा है कि कथित तौर पर अवैध उगाही के कारण उन्हें थाना में बनाए रखा गया है। इतना ही नहीं, इलाके में यह भी चर्चा है कि उनकी कार्यशैली किसी थाना प्रभारी से कम नहीं है। स्थानीय लोगों के बीच उनके व्यवहार और कथित दबदबे को लेकर भी तरह-तरह की बातें सामने आ रही हैं।
वहीं, कुछ लोगों का यह भी कहना है कि यदि उनके मोबाइल फोन और संपर्कों की गहन जांच की जाए तो कई अवैध धंधों से जुड़े तथ्यों का खुलासा हो सकता है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस विभाग की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। स्थानीय नागरिकों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है, ताकि सच्चाई सामने आ सके और पुलिस विभाग की पारदर्शिता एवं जनता का विश्वास कायम रह सके।



