कैराना
विद्युत टीम पर हमला प्रकरण में सात नामजद समेत 15 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। गांव बराला में बिजली चोरी की जांच करने पहुंची विद्युत विभाग की टीम पर हमला, मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में कोतवाली पुलिस ने सात नामजद समेत 10 से 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
विद्युत विभाग के उपखंड अधिकारी अमित कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह रविवार देर रात अपनी टीम के साथ गांव बराला में बकायेदार और निगेटिव बैलेंस वाले उपभोक्ताओं की जांच करने पहुंचे थे। इसी दौरान एक मकान पर कथित रूप से बिजली चोरी पकड़ी गई।आरोप है कि जांच के दौरान कादिर, आरिफ, खान, नाजीम, शाहदीन समेत अन्य लोग मौके पर पहुंच गए और टीम को घेर लिया। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी गई। विरोध करने पर जान से मारने की धमकियां भी दी गईं। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि हमलावरों ने सरकारी अभिलेख फाड़ दिए और विभागीय वाहन पर ईंट-पत्थर बरसाकर उसके शीशे क्षतिग्रस्त कर दिए। हमले के बीच टीम के सदस्य किसी तरह मौके से निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। घटना के बाद कोतवाली कैराना पुलिस ने सात नामजद आरोपियों समेत 10 से 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की भूमिका और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल में जुटी है।