नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। कैराना-पानीपत मार्ग स्थित एक सील बंद गोदाम में चोरी की वारदात सामने आई है। गोदाम में घुसे अज्ञात युवक ने केबल और लोहे का सामान चोरी कर लिया। विरोध करने पर फैक्ट्री कर्मचारी से मारपीट कर आरोपी फरार हो गया। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला आलदरम्यान निवासी शकील पुत्र यामीन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी फैक्ट्री साई तार प्रोडक्ट का गोदाम कैराना-पानीपत मार्ग पर स्थित है। किसी कारणवश गोदाम पर सील लगी हुई है, जिसके चलते वह बंद पड़ा हुआ था। आरोप है कि 13 मई की दोपहर करीब दो बजे एक अज्ञात युवक गोदाम के अंदर घुस गया और वहां रखा सामान बाहर निकालने लगा। इसी दौरान फैक्ट्री कर्मचारी फरमान गोदाम की ओर पहुंचा।उसने अंदर झांककर देखा तो एक युवक सामान बाहर ले जाता दिखाई दिया। कर्मचारी द्वारा शोर मचाने और आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोपी ने फरमान के साथ मारपीट कर दी और मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर गोदाम की जांच की गई तो वहां से केबल और लोहे का अन्य सामान गायब मिला।पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली कैराना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा