गोड्डा
महागामा में नये एसडीपीओ
वरुण रजक ने संभाला पदभार, अपराध नियंत्रण और बेहतर पुलिसिंग होगी प्राथमिकता

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महागामा। महागामा अनुमंडल को नया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मिल गया है। वरुण रजक ने महागामा एसडीपीओ के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालते ही उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों के साथ बैठक कर क्षेत्र की कानून व्यवस्था की समीक्षा की तथा कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसडीपीओ वरुण रजक ने कहा कि महागामा अनुमंडल क्षेत्र में अपराध पर नियंत्रण, आम लोगों की सुरक्षा, सड़क सुरक्षा अभियान को मजबूत करना तथा जनता और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।उन्होंने कहा कि थाना स्तर पर लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन, अवैध गतिविधियों पर रोक तथा रात्रि गश्ती को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उसका शीघ्र समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।महागामा में नए एसडीपीओ के आगमन को लेकर स्थानीय लोगों एवं जनप्रतिनिधियों ने खुशी जताई है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं, सड़क दुर्घटनाओं तथा अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण की जरूरत है और नए एसडीपीओ से लोगों को काफी उम्मीदें हैं। पदभार ग्रहण के दौरान पुलिस विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। एसडीपीओ ने सभी पुलिसकर्मियों से टीम भावना के साथ कार्य करने की अपील करते हुए कहा कि जनता का विश्वास जीतना ही पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।



