गोड्डा
बकरीद पर्व को लेकर जिला प्रशासन की जिला स्तरीय बैठक आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। डीआरडीए स्थित सभागार में डीसी लोकेश मिश्रा एवं एसपी मुकेश कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में बकरीद पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान उपायुक्त ने कहा कि ईद-उल-अजहा आपसी भाईचारे, त्याग एवं सौहार्द का पर्व है। पर्व के दौरान जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने सभी अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने निर्देशित किया कि संवेदनशील स्थलों की पहचान कर वहां पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए। पर्व के दौरान किसी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना अथवा सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया की सतत निगरानी रखने का भी निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया। बैठक में साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, यातायात व्यवस्था एवं स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। नगर परिषद एवं संबंधित विभागों को पर्व से पूर्व साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं, विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने तथा पेयजल विभाग को पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि सभी धार्मिक स्थलों एवं सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखी जाए तथा पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहेगा। उन्होंने सभी समुदायों के लोगों से आपसी सौहार्द एवं भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की। बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक के द्वारा उपस्थित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को संबोधित करते हुए बताया गया कि पर्व के दौरान जिले के सभी संवेदनशील एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए। पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार गश्ती अभियान चलाया जाएगा ताकि किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। पुलिस अधीक्षक ने आमजनों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग आपसी भाईचारे एवं सामाजिक सौहार्द के साथ पर्व मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और आपत्तिजनक अथवा भड़काऊ पोस्ट करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समिति के सदस्यों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखें तथा किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। बैठक में उपविकास आयुक्त प्रेमलता मुर्मू, अनुमंडल पदाधिकारी वैद्यनाथ उरांव, अनुमंडल पदाधिकारी महागामा आलोक वरण केसरी, अनुमंडल पुलिस उपाधीक्षक हेड क्वार्टर जेपीएन चौधरी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी रितेश जयसवाल, जिला आपूर्ति पदाधिकारी सह जिला नजारत उपसमाहर्ता अविनाश पूर्णेन्दु, जिला परिवहन पदाधिकारी कंचन कुमारी भुदोलिया, नगर प्रशासक सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अरविंद प्रसाद अग्रवाल सहित विभिन्न प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।




