शिकारीपाड़ा प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का उपायुक्त ने किया निरीक्षण, पारदर्शिता और समयबद्धता पर जोर
Deputy Commissioner inspected Shikaripara Block and Circle Office, stressing on transparency and timeliness.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
शिकारीपाड़ा, पाकुड़। उपायुक्त अभिजीत सिन्हा द्वारा आज शिकारीपाड़ा प्रखंड कार्यालय एवं अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न संचालित योजनाओं एवं अभिलेखों का गहन अवलोकन किया तथा संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने कर्मियों की कर्म-पुस्तिका, आगत एवं निर्गत पंजी की अद्यतन स्थिति, परिवारवाद पत्रों के निष्पादन, नजारत, रोकड़ बही, अग्रिम भुगतान पंजी, विपत्र उपयोगिता प्रमाण पत्र सहित जाति, आवासीय एवं आय प्रमाण पत्र तथा वंशावली से संबंधित अभिलेखों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने सभी अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यतन रखने तथा कार्यों में पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गर्मी के मौसम को देखते हुए उपायुक्त ने पेयजल व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम जनता को किसी भी प्रकार की पेयजल समस्या का सामना न करना पड़े, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जाएं। साथ ही सभी खराब चापानलों की शीघ्र मरम्मत कर उन्हें चालू स्थिति में लाने के निर्देश भी दिए गये। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक समय पर पहुंचाने पर बल दिया। निरीक्षण के दौरान प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।



