पाकुड़

सरकारी विद्यालयों में तीन दिवसीय समर कैंप का हुआ आयोजन

Three-day summer camp organized in government schools

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। समग्र शिक्षा अभियान के तहत जिले के सरकारी विद्यालयों में आयोजित तीन दिवसीय समर कैंप का गुरुवार को सफल समापन हो गया। 19 मई से 21 मई 2026 तक चले इस विशेष कैंप में जिले के लगभग 990 सरकारी विद्यालयों के वर्ग 1 से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। जिला शिक्षा पदाधिकारी अनीता पुरती ने बताया कि समर कैंप का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक एवं रचनात्मक विकास को बढ़ावा देना था। कैंप के दौरान खेलकूद, योग, फिटनेस, रचनात्मक गतिविधियां, स्वदेशी खेल तथा विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। पहले दिन “खेल के साथ फिटनेस और सृजन के संग” विषय पर विविध गतिविधियां आयोजित की गईं। कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों के लिए योग अभ्यास, छोटी दौड़, मेढ़क दौड़, तीन टांग दौड़ और बैलेंस गेम कराए गए। वहीं कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों ने योग, दौड़, रिले दौड़ और रस्सी कूद में हिस्सा लिया। कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए योग, दौड़, पुशअप, सिटअप और स्किपिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। “सृजन के संग बचपन” थीम के तहत बच्चों को मिट्टी, लकड़ी और कागज से खिलौने एवं झारखंडी संस्कृति से जुड़ी कलात्मक वस्तुएं बनाने के लिए प्रेरित किया गया। इसके अलावा मास पीटी, बॉल गेम, टारगेट थ्रो, कैरम, लूडो और शतरंज प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रहे। समर कैंप के दौरान “मेरा विद्यालय एवं साफ-सफाई”, “पर्यावरण का खेल में महत्व”, “जल संरक्षण” और “स्वस्थ भारत” जैसे विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अंतिम दिन “फिटनेस, स्वदेशी खेल, प्रतिभा प्रदर्शन, अनुभव एवं प्रोत्साहन” विषय के तहत विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रस्तुतियां दीं।
तीनों दिनों की सहभागिता
19 मई 2026
संचालित विद्यालय : 984
कक्षा 1 से 5 : बालक 34,694 | बालिका 34,991
कक्षा 6 से 8 : बालक 15,050 | बालिका 17,027
कक्षा 9 से 12 : Balak 4,659 | बालिका 5,568
20 मई 2026
संचालित विद्यालय : 990
कक्षा 1 से 5 : बालक 35,037 | बालिका 35,431
कक्षा 6 से 8 : बालक 15,200 | बालिका 17,140
कक्षा 9 से 12 : बालक 4,605 | बालिका 5,744
21 मई 2026
संचालित विद्यालय : 990
कक्षा 1 से 5 : बालक 34,472 | बालिका 35,141
कक्षा 6 से 8 : बालक 15,107 | बालिका 17,194
कक्षा 9 से 12 : बालक 4,541 | बालिका 5,662
समापन अवसर पर शिक्षकों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। बच्चों ने भी समर कैंप के अनुभव साझा करते हुए इसे ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक और आनंददायक बताया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button