गोड्डा
हेमंत सरकार के वादाखिलाफी के विरोध में भाजपा का प्रखंड मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मेहरमा। भाजपा झारखंड प्रदेश के निर्देशानुसार किसानों एवं आम जनता के साथ किए गए कथित वादाखिलाफी और धोखे के विरोध में गुरुवार को मेहरमा प्रखंड मुख्यालय पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अधिकांश संख्या में भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता शामिल हुए और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सह प्रदेश कार्यसमिति सदस्य संजीव मिश्रा ने कहा कि राज्य सरकार ने चुनाव के समय किसानों और आम जनता से जो वादे किए थे, उन्हें पूरा करने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को समय पर खाद एवं बीज उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है तथा ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को अब तक उचित मुआवजा नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के साथ धोखा कर रही है। महागामा नगर पंचायत अध्यक्ष प्रबोध सोरेन ने राज्य सरकार पर छात्रों और युवाओं के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया।उन्होंने कहा कि राज्य में युवा बेरोजगारी से परेशान हैं और रोजगार के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं।
भाजपा युवा नेता अमित कुमार ने कहा कि राज्य सरकार अपने सभी वादों पर विफल साबित हुई है।उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के समय झूठे वादे कर सरकार सत्ता में आई, लेकिन आज जनता पूरी तरह त्रस्त है।
भाजयुमो प्रमंडलीय प्रभारी रविन्द्र तिवारी ने कहा कि पैक्स के माध्यम से किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य और समय पर भुगतान नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार प्रखंड से लेकर जिला कार्यालय तक फैला हुआ है और बिना दलाल के कोई काम नहीं हो रहा है। वहीं, भाजपा की पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष प्रिया सिंह पटेल ने राज्य सरकार को भ्रष्टाचार और लूट की सरकार बताते हुए कहा कि राज्य की जनता, किसान, युवा और महिलाएं सभी परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार के बिना कोई सरकारी कार्य नहीं हो पा रहा है।धरना प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए किसानों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। मौके पर जिला उपाध्यक्ष लाल बहादुर सिंह व कृष्ण मुरारी चौबे, मेहरमा मंडल अध्यक्ष उमेश पासवान, बलबड्डा मंडल अध्यक्ष दीपक सिंह देव, महागामा मंडल अध्यक्ष अशोक यादव, ठाकुरगंगटी मंडल अध्यक्ष विपीन साह,डोय मंडल अध्यक्ष गणेश पोद्दार, हनवारा मंडल अध्यक्ष संतोष कुमार गुप्ता, भाजपा नेत्री नम्रता तांती, भाजपा नेता पप्पू ठाकुर, आनंद मिश्रा, फणीलाल कुशवाहा, संजय शाह, हरि किशोर मिश्रा, संजय शाह, रंजीत कुमार,किरानी यादव, राजेश लाल, राजेश सिंह सहित कई भाजपा के कार्यकर्ता मौजूद थे।



