ललितपुर
यातायात पुलिस का बड़ा अभियान
प्रेशर हॉर्न, मॉडिफाइड साइलेंसर और ड्रंक एण्ड ड्राइव पर कार्रवाई

269 वाहनों के चालान, 7 वाहन सीज,सड़क सुरक्षा को लेकर चलाया जागरूकता अभियान
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा शहर के प्रमुख चौराहों और तिराहों पर विशेष अभियान चलाकर सघन वाहन चेकिंग की गई। इस दौरान प्रेशर हॉर्न, मॉडिफाइड साइलेंसर, हूटर्स, ड्रंक एण्ड ड्राइव तथा फॉल्टी नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की गई। यह अभियान पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक के निर्देशन में एएसपी कालू सिंह एवं क्षेत्राधिकारी यातायात राजेश कुमार श्रीवास्तव के निकट पर्यवेक्षण में प्रभारी यातायात आलोक कुमार तिवारी के नेतृत्व में चलाया गया। अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों की जांच की और उन्हें सड़क दुर्घटनाओं से होने वाले नुकसान एवं कानूनी परिणामों के प्रति जागरूक किया। पुलिसकर्मियों ने वाहन चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग, यातायात नियमों का पालन करने तथा सुरक्षित वाहन संचालन के लिए प्रेरित किया। चेकिंग अभियान में नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की गई। पुलिस ने प्रेशर हॉर्न का उपयोग करने वाले 4 वाहनों तथा मॉडिफाइड साइलेंसर लगे 13 वाहनों का चालान किया। इसके अतिरिक्त कुल 23 वाहनों के चालान किए गए और 3 वाहनों को सीज किया गया। यातायात पुलिस द्वारा शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों और तिराहों पर जागरूकता अभियान भी चलाया गया। पूरे अभियान के दौरान कुल 269 वाहनों के चालान किए गए तथा 7 वाहनों को सीज करते हुए लगभग 11 लाख 27 हजार 500 रुपये का समन शुल्क अधिरोपित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर आगे भी लगातार अभियान चलाए जाएंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।



