ललितपुर

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई विकास कार्यों की समीक्षा

प्रभारी मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने अधिकारियों को जिले को प्रथम स्थान पर लाने के दिए निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

ललितपुर। प्रधानमंत्री की अपील एवं मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में जनपद स्तरीय बैठकों को ऑनलाइन माध्यम से आयोजित किए जाने की पहल के तहत रविवार को जिले की विकास समीक्षा बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जनपद के प्रभारी मंत्री एवं अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने की। बैठक में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले की ओवरऑल रैंकिंग वर्तमान में 11वें स्थान पर है। इस पर प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को और अधिक मेहनत एवं लगन से कार्य करते हुए जनपद को प्रथम स्थान पर लाने के निर्देश दिए।
अवैध कटान पर सख्ती के निर्देश
वन विभाग की समीक्षा के दौरान डीएफओ नवीन प्रकाश शाक्य ने बताया कि अवैध कटान में प्रयुक्त वाहनों को पकड़ा गया है तथा संबंधित वाहन स्वामियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। इस पर प्रभारी मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद में किसी भी कीमत पर अवैध कटान नहीं होना चाहिए।
जल जीवन मिशन और सड़क खुदाई पर जताई नाराजगी
जल जीवन मिशन की समीक्षा में अधिकारियों ने बताया कि नगरीय योजना के अंतर्गत शहर में गोविंद सागर बांध एवं इलाइट क्षेत्र में पानी की टंकियों का निर्माण कराया गया है। गोविंद सागर बांध की टंकी से जलापूर्ति शुरू हो चुकी है, जबकि इलाइट क्षेत्र में टेस्टिंग कार्य चल रहा है। इस दौरान नपाध्यक्ष सोनाली जैन एवं जिलाध्यक्ष हरीशचंद्र रावत ने शहर की खुदी पड़ी सड़कों का मुद्दा उठाया। भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि पिछली बैठक में इंगित की गई सड़कों पर अब तक निर्माण कार्य नहीं कराया गया है। इस पर प्रभारी मंत्री ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को रोड रेस्टोरेशन कार्य तेजी से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
24 घंटे में खराब ट्रांसफार्मर सुधारने के निर्देश
विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान जिले में विद्युत आपूर्ति संबंधी शिकायतों पर चिंता व्यक्त की गई। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खराब ट्रांसफार्मरों को 24 घंटे के भीतर ठीक कराया जाए तथा फॉल्ट की सूचना मिलते ही तत्काल मरम्मत सुनिश्चित की जाए। राज्यमंत्री मनोहरलाल ने भी विद्युत विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि समस्याओं पर ध्यान न देने पर मुख्यमंत्री को अवगत कराया जाएगा।
फसल बीमा, स्वास्थ्य और सिंचाई योजनाओं की भी समीक्षा
बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 4629 दावों को स्वीकृति दी जा चुकी है तथा लाभ वितरण की प्रक्रिया जारी है। छूटे हुए किसानों को भी योजना का लाभ दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान सीएमओ डा.इम्तियाज अहमद ने बताया कि जिला अस्पताल निर्माण हेतु भूमि आवंटन की प्रक्रिया चल रही है। इस पर प्रभारी मंत्री ने जनप्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित कर उनके प्रस्ताव भी शामिल करने के निर्देश दिए। सिंचाई विभाग की समीक्षा में अधिकारियों ने जिले के सभी तालाब भर दिए जाने की जानकारी दी, लेकिन भाजपा जिलाध्यक्ष ने तालबेहट एवं जखौरा क्षेत्रों में तालाब न भरे जाने की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने तीन सदस्यीय टीम गठित कर जांच कराने के निर्देश दिए।
लघु सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता का वेतन रोका गया
लोक निर्माण विभाग की समीक्षा में 948.61 करोड़ रुपये की कार्ययोजना की जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने कहा कि यदि किसी जनप्रतिनिधि का प्रस्ताव छूट गया हो तो उसे भी शामिल किया जाएगा। वहीं लघु सिंचाई विभाग की समीक्षा के दौरान अधिशासी अभियंता की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए उनका एक दिन का वेतन रोकने एवं स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए गए। बैठक में सदर विधायक रामरतन कुशवाहा, पंचायत अध्यक्ष कैलाश नारायण, भाजपा जिलाध्यक्ष हरीशचंद्र रावत, सांसद प्रतिनिधि दिनेश गोस्वामी, सीडीओ शेषनाथ चौहान, एएसपी कालू सिंह, एडीएम दिनेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button