
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। ड्यूटी के दौरान एक सफाई कर्मी के साथ कथित अभद्रता और मारपीट का मामला सामने आने पर उत्तर प्रदेशीय सफाई कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों में रोष व्याप्त हो गया। संगठन के पदाधिकारियों ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को ज्ञापन सौंपते हुए आरोपी होमगार्ड के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
उत्तर प्रदेशीय सफाई कर्मचारी संघ की ओर से प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कैराना समय पाल सिंह को दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि मोहल्ला आलकलां निवासी मेहरबान पुत्र सय्यद नगर पालिका परिषद कैराना में आउटसोर्सिंग के माध्यम से सफाई कर्मी के रूप में कार्यरत है। आरोप है कि गत 24 मई की शाम वह ई-रिक्शा वाहन से कार्य कर रहा था। इसी दौरान भारत गैस एजेंसी के सामने वाहन में तकनीकी खराबी आ गई, जिस कारण वह वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर मैकेनिक बुलाने के लिए चला गया। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात एक होमगार्ड मौके पर पहुंचा और वाहन हटाने को लेकर सफाई कर्मी से अभद्रता शुरू कर दी। विरोध करने पर गाली-गलौज की गई तथा मारपीट करने का भी आरोप लगाया गया। इतना ही नहीं, मौके पर पहुंचे अन्य सफाई कर्मियों के साथ भी अभद्र व्यवहार किए जाने की बात कही गई है। घटना के विरोध में सफाई कर्मचारी संघ के पदाधिकारी कोतवाली पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो सफाई कर्मचारी आंदोलन को बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस दौरान संगठन के कई पदाधिकारी एवं सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।
