गोड्डा
विश्व मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन दिवस का आयोजन
उप विकास आयुक्त विस्पुते श्रीकांत यशवंत ने किशोरियों के बीच स्वच्छता किट का किया वितरण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मासिक धर्म स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की दिलाई शपथ
गोड्डा। डीएमएफटी सभागार में उप विकास आयुक्त विस्पुते श्री कांत यशवंत की अध्यक्षता में विश्व मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपविकास आयुक्त ने कहा कि मासिक धर्म एक प्राकृतिक प्रक्रिया है और इससे जुड़े मिथकों एवं भ्रांतियों को दूर करने की आवश्यकता है। किशोरियों एवं महिलाओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर ही बेहतर स्वास्थ्य सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि समाज में मासिक धर्म से जुड़े विषयों पर खुलकर चर्चा होनी चाहिए, ताकि किशोरियां बिना किसी झिझक के आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं एवं जानकारी का लाभ प्राप्त कर सकें। साथ ही विद्यालयों एवं समुदाय स्तर पर नियमित रूप से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर बल दिया गया। कार्यक्रम के दौरान किशोरियों को मासिक धर्म के दौरान अपनाई जाने वाली स्वच्छता संबंधी सावधानियों, पोषण, स्वास्थ्य देखभाल एवं स्वच्छ सैनिटरी उत्पादों के उपयोग के संबंध में जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त द्वारा किशोरियों के बीच किशोरी स्वच्छता किट का वितरण किया गया तथा मासिक धर्म स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारीगण, महिला पर्यवेक्षिकाएं, आंगनबाड़ी सेविकाएं, किशोरियां एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।




