बाल विवाह रोकथाम को लेकर जागरूकता रथ को किया गया रवाना
बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत जिले भर में चलेगा जनजागरूकता अभियान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने लोगों से बाल विवाह उन्मूलन में सक्रिय सहभागिता की अपील की
गोड्डा। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जिला स्तरीय (DAP) वार्षिक कार्य योजना 2026-27 के तहत आज जिला दंडाधिकारी – सह उपायुक्त लोकेश मिश्रा द्वारा समाहरणालय परिसर से बाल विवाह रोकथाम हेतु जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि बाल विवाह सामाजिक कुरीति है, जो बालिकाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा एवं भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालती है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को इस कुरीति के उन्मूलन हेतु आगे आने की आवश्यकता है। जागरूकता ही बाल विवाह रोकथाम का सबसे प्रभावी माध्यम है। जागरूकता रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों में भ्रमण कर लोगों को बाल विवाह निषेध अधिनियम, बालिकाओं की शिक्षा, महिला सशक्तिकरण एवं सरकारी योजनाओं के संबंध में जागरूक करेगा। रथ के माध्यम से आमजनों को बाल विवाह के दुष्परिणामों एवं कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम के दौरान संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देशित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि बाल विवाह की रोकथाम हेतु सामुदायिक सहभागिता सुनिश्चित की जाए तथा विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं पंचायत स्तर पर लगातार जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाएं। इस अवसर पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, बाल संरक्षण इकाई के पदाधिकारी, महिला पर्यवेक्षिका, आंगनबाड़ी सेविकाएं सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।



